प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से आरंभ होगा सेवा-संकल्प अभियान : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष केवल सत्ता के नहीं बल्कि निरंतर सेवा और राष्ट्र निर्माण के 25 वर्ष हैं। सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई यह संवैधानिक यात्रा आज एक ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंची है। गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक उन्होंने जन सेवा को अपना ध्येय माना और आज भी संकल्पबद्ध होकर कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विकास और लोकतंत्र को सशक्त करने में अविस्मरणीय योगदान दिया है। इस गौरवपूर्ण यात्रा को जन-जन तक पंहुचाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, एक माह तक सेवा-संकल्प अभियान चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सेवा का संस्कार है। यही संस्कार आज 'सेवा-संकल्प अभियान' के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों को हम जनता के बीच ले जाएंगे। इस अभियान से जनकल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी। अभियान को जन सहभागिता से जन संवाद का माध्यम बनाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सेवा-संकल्प अभियान के संबंध में मंत्रालय में आयोजित बैठक में निर्देश दिए। बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री सु निर्मला भूरिया, अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मती कृष्णा गौर, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, राज्यसभा सांसद डॉ. कविता पाटीदार, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जिलों की विकास पुस्तिकाएं जन-जन तक पहुंचाना किया जाए सुनिश्चित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में जारी जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों को सेवा-संकल्प अभियान में सम्मिलित करते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। सेवा-संकल्प अभियान की अवधि में आने वाले प्रत्येक शुक्रवार को सभी जिलों में जनकल्याण और जन संवाद की विशेष गतिविधियां संचालित की जाएं। अभियान के अंतर्गत प्रदेश के नवाचारों को प्रमुख रूप से प्रदर्शित और प्रोत्साहित किया जाए। अभियान के अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में संकलित विकास पुस्तिकाएं जन-जन तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सभी मंत्री अपने-अपने विभाग और प्रभार के जिलों में इस अभियान की नियमित समीक्षा करें। हर जिले में तिथिवार कार्य योजना तय की जाए। जिन कार्यक्रमों में लाभार्थी संपर्क में है, वहां शासन द्वारा योजनावार लाभार्थी सूची संबंधित को उपलब्ध कराई जाए। जिला स्तर पर विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। मध्यप्रदेश इस अभियान में ऐसा मॉडल प्रस्तुत करे, जिसे देश में सुशासन, सेवा और जन सहभागिता के उदाहरण के रूप में देखा जाए।
प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस पर महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में होंगे दीप प्रज्ज्वलित
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर को उज्जैन स्थित महाकाल महालोक में बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित करने का कार्यक्रम आयोजित किया जाए। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश में जिन महत्वपूर्ण परियोजनाओं और कार्यों का लोकार्पण या भूमि-पूजन किया है अथवा अन्य कोई महत्वपूर्ण सौगात दी है, उन सभी स्थानों पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की प्रस्तुति अहमदाबाद अथवा वडनगर में की जाए। प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर नर्मदा परियोजना और सरदार सरोवर बांध से जिन जिलों के सामाजिक-आर्थिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, उन जिलों में नर्मदा परियोजना पर केन्द्रित गतिविधियां संचालित की जाएं। इसी प्रकार केन-बेतवा लिंक परियोजना और पार्वती-कालीसिंध-चंबल परियोजना से लाभान्वित होने वाले क्षेत्रों में प्रधानमंत्री मोदी की इस पहल से जन-जन को अवगत कराया जाए। प्रदेश में विकसित प्रमुख सड़क परियोजनाओं से सुगम हुए यातायात और बढ़ी आर्थिक गतिविधियों की जानकारी का भी प्रचार-प्रसार किया जाए।
सेवा-संकल्प अभियान के अंतर्गत होंगे 13 कार्यक्रम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में सेवा-संकल्प अभियान की तैयारियों के संबंध में हुई बैठक में बताया गया कि अभियान के अंतर्गत 13 कार्यक्रम होंगे। इनमें आशीर्वाद का दीया, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वड़नगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, रंगोली राष्ट्र, राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज और जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट तक शामिल हैं।
आशीर्वाद के दीया के अंतर्गत हर एक दीया, प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार तथा विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा। प्रत्येक परिवार दीप प्रज्ज्वलित करके इस संकल्प का सहभागी बनेगा। सभी स्थानों पर जिला प्रशासन द्वारा पर्याप्त संख्या में दीयों (दीपक) की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक समन्वय किया जाएगा। हितग्राही मूलक योजनाओं के लाभार्थी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत के अंतर्गत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच राष्टव्यापी ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी। स्कूल शिक्षा विभाग नोडल होगा तथा उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। इसके अंतर्गत सभी सरकारी एवं निजी स्कूलों में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए सेवा कार्यों और विकसित भारत की संकल्पना पर ड्राइंग प्रतियोगिता और भाषण प्रतियोगिता आयोजित होंगी।
नमो सेवा गाथा के अंतर्गत पिछले 25 वर्षों के सेवा कार्य, प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाएं और देश में आए बदलावों की कहानी को सरल, भावनात्मक और संगीतमय नुक्कड़ नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। इस गतिविधि में नोडल संस्कृति विभाग होगा और सामाजिक न्याय विभाग आवश्यक सहयोग करेगा। यह कार्यक्रम समस्त स्कूलों, कॉलेजों, पंचायत, सामुदायिक केंद्र एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित होंगे।
आंगन का उत्सव के अंतर्गत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर की अवधि में स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के साथ उनकी माताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाए। उत्सव में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और सामुदायिक सेवा को सरल कहानियों में प्रस्तुत दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, महिला कल्याण, बाल विकास एवं कुपोषण से जुड़ी समस्त नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। लाभार्थी महिलाएं योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव के छोटे अनुभव साझा करेंगी। आंगन का उत्सव के अंतर्गत आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद कार्यक्रम प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र पर आयोजित किया जाएगा। जिसमें आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका तथा आशा दीदी एवं सहायिका, सभी का सार्वजनिक अभिनंदन होगा। कार्यक्रम में प्रत्येक केंद्र में दो-तीन लाभार्थी माताओं का सम्मान भी होगा, कार्यक्रम में वे अपने अनुभव एवं सुझाव साझा करेंगी। कार्यक्रम का नोडल महिला एवं बाल विकास विभाग होगा तथा सहयोग लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग करेगा।
कहानी बदलाव की कार्यक्रम के अंतर्गत – सरकार की योजनाओं से जिन नागरिकों और क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आया है, ऐसे नागरिकों द्वारा उनकी वास्तविक कहानियों को देश के सामने लाया जाएगा। नागरिकों और लाभार्थियों को अपनी प्रेरणादायी कहानी भेजने के लिए एक प्रतियोगिता शुरू की जाएगी। इस गतिविधि का नोडल जनसंपर्क विभाग होगा।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत ऐसे स्थल जहां लोगों के जीवन, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर या अवसरों में वास्तविक बदलाव दिखाई देता हो, उन स्थानों से इन्फ्लुएंसर्स को जोड़कर विकास की वास्तविक कहानियां देश तक पहुंचाने का प्रयास होगा। जनसंपर्क, पर्यटन और संस्कृति विभाग इस गतिविधियों में सहयोग-समन्वय करेंगे।
सेवा-ज्योति यात्रा के अंतर्गत गांव, जिला और राज्य स्तर की जनभागीदारी यात्राएं निकाली जाएंगी। पिछले 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त करना और विकसित भारत-2047 का सामूहिक संकल्प लेना यात्रा का उद्देश्य है। स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की भागीदारी से यह यात्राएं आयोजित की जाएंगी।
वडनगर से वाराणसी – जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी जाने वाली दस टोलियां होंगी और सभी मार्ग अलग होंगे। वाराणसी से वडनगर आने वाली दस टोलियां होंगी और उनके मार्ग भी अलग होंगे। इस प्रकार यात्रा अधिक से अधिक क्षेत्रों तक पहुंचेगी। प्रत्येक गांव या पड़ाव पर कार्यक्रम आयोजित किये जायें। इसका स्वरूप स्थानीय नागरिकों के साथ सहज संवाद और वार्तालाप का होगा।
सेवा मेरा योगदान अभियान की अवधि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होगी। प्रत्येक नागरिक समाज सेवा में अपना योगदान देगा। सेवा गतिविधियों के अंतर्गत रक्तदान शिविर, पौध-रोपण अभियान, स्वच्छता ही सेवा, स्वास्थ्य जांच शिविर, प्लास्टिक-मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, सड़क सुरक्षा जागरूकता, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग, सायबर सुरक्षा जागरूकता जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। सेवा अपने घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल, कार्यस्थल अथवा किसी सार्वजनिक स्थान पर की जा सकती हैं। नदी घाटों और रीवर फ्रंट आदि की साफ-सफाई को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। सभी गतिविधियां युवा, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और सभी आयु वर्ग के नागरिकों की भागीदारी से संचालित होंगी।
सेवा-सेतु अभियान सरकार आपके द्वार के अंतर्गत जिले के प्रत्येक विधानसभा स्तर पर 'सेवा सेतु' शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में राज्य एवं केंद्र सरकार की वे योजनाएं सम्मिलित होंगी, जो सीधे सामान्य नागरिक पर लागू होती हैं। प्रत्येक ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र में 'सेवा-सेतु केंद्र' स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजना से जोड़ने, आवेदन कराने और आवश्यक सहायता देने की पूरी व्यवस्था होगी।
रंगोली राष्ट्र के अंतर्गत घर-घर से राष्ट्र तक-आभार और संकल्प की रंगोली कार्यक्रम में एक ही निर्धारित दिन देश के अधिकतम प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर ह्यूमन रंगोली का आयोजन किया जाएगा। केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाएं, राष्ट्रीय प्रतीक तथा विकसित भारत का सपना रंगोली के विषय होंगे। रंगोली स्थानीय रंग एवं शैली में रहेगी।
राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज में देश के युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स, कॉरपोरेट इनोवेटर्स और जमीनी स्तर पर नए समाधान विकसित करने वाले लोगों को जोड़ने के लिए क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। इसमें शिक्षा संस्थानों, स्टार्ट-अप नेटवर्क, इनक्यूबेशन सेंटर और प्राइवेट कंपनी को सहभागी बनाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदर्शनी, लाइव डेमो, युवा संवाद, विशेषज्ञ सत्र और पुरस्कार शामिल होंगे।
जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट 17 अक्टूबर को होगा। इस कार्यक्रम में देशभर से आए सरपंच ओर अन्य जनप्रतिनिधि, प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सुशासन और सेवा के 25 वर्ष पूर्ण करने के अवसर पर सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के सभी 6 छंदों के सामूहिक गायन को गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कराया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्यकाल पर वीडियो प्रदर्शन किया जाएगा, प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन होगा। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सभी एक साथ विकसित भारत का संकल्प लेंगे।


